Skip to content
खबर हर तरफ की
Menu
  • होम
  • मुख्य समाचार
  • व्यापार
  • छत्तीसगढ
  • खेल
  • मध्य प्रदेश टुडे
  • स्वस्थ
  • मनोरंजन
Menu

आंचलिक बोलियों का संरक्षण जरूरी : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

Posted on November 23, 2026 by admin

मालवा की बोली, संस्कृति और पकवानों की अपनी अलग पहचान
तीन दिवसीय मालवा महोत्सव का शुभारंभ
मालवा अलंकरण सम्मान से विभूतियां सम्मानित

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि आंचलिक बोलियों का संरक्षण और संवर्धन हमारी सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के लिए आवश्यक है। मालवा की बोली, व्यवहार और पकवानों का अपना अलग ही आनंद है। मालवा की माटी में सौंधापन और आत्मीयता है। यहां की संस्कृति की हर काल में अपनी विशिष्ट पहचान रही है। मालवी भाषा का अंदाज भी निराला है। इसे समझने वाला ही इसके भाव और अर्थ को सही मायने में समझ सकता है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव सोमवार को भोपाल के रवींद्र भवन में आयोजित तीन दिवसीय मालवा महोत्सव को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभूतियों को मालवा अलंकरण सम्मान से सम्मानित किया। कार्यक्रम में स्मारिका ‘यो अपनो मालवो’ का विमोचन भी किया गया।

मालवा की धरती का गौरवशाली इतिहास

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन कालगणना का केंद्र और अनेक महापुरुषों की धरती रही है। मालवा का इतिहास, धार्मिक परंपराएं और सांस्कृतिक विरासत देशभर में विशिष्ट स्थान रखती हैं। प्रख्यात पुरातत्वविद, इतिहासकार और चित्रकार पद्मश्री डॉ. विष्णु श्रीधर वाकणकर के कार्यों को समर्पित आधुनिक प्रयोगशाला का विज्ञान और प्रौद्योगिकी परिषद में शुभारंभ भी गौरव का विषय है। भोपाल के पास रातापानी अभयारण्य को मालवा के सपूत डॉ. वाकणकर के नाम पर समर्पित किया गया है। मालवा की देवी अहिल्याबाई होल्कर का योगदान केवल सुशासन तक सीमित नहीं था। उन्होंने देशभर में सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यों के माध्यम से अपनी अमिट छाप छोड़ी। मालवा के विकास और गौरव को आगे बढ़ाने में उनका योगदान अविस्मरणीय है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सिंधिया वंश का भी मालवा से गहरा ऐतिहासिक नाता रहा है। बाद में सिंधिया वंश के पूर्वज ग्वालियर में बस गए। उज्जैन और आसपास के प्राचीन धार्मिक स्थल, यहां की परंपराएं और दाल-बाटी जैसे पारंपरिक पकवान मालवा की विशिष्ट पहचान हैं। भारतीय भाषाओं के साथ प्रदेश की आंचलिक बोलियों का भी संकलन और संरक्षण किया जाना चाहिए। वर्तमान में सिंहस्थ की व्यापक स्तर पर तैयारियां चल रही हैं। आने वाले समय में मालवा का गौरव और मान लगातार बढ़ेगा। कार्यक्रम में संयोजक श्री नवीन जोशी ने स्वागत भाषण दिया और मुख्यमंत्री डॉ. यादव के मालवी से प्रेम के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्ष में मुख्यमंत्री डॉ. यादव की मंशा के अनुसार मालवा महोत्सव के स्वरूप में निखार लाने का कार्य किया जाएगा।

विभूतियों को मालवा अलंकरण सम्मान

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. शिव चौरसिया, एनएसडी प्रशिक्षक श्रीमती निशा त्रिवेदी, मालवी साहित्यकार श्रीमती माया बद्रिका, व्यंग्यकार श्री मुकेश जोशी, मालवा पत्रकारिता के शोधकर्ता श्री कमल हेतवाल, वरिष्ठ साहित्यकार श्री नरहरि पटेल, मालवी उद्घोषक श्री शैलेंद्र व्यास और यूट्यूबर मालवी भाभी सहित अनेक विभूतियों को मालवा अलंकरण सम्मान प्रदान कर सम्मानित किया। यह महोत्सव मालवा की साहित्यिक, सांस्कृतिक और लोक परंपराओं को सामने लाने के साथ क्षेत्र की विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का अभिनव प्रयास है। इस अवसर पर डॉ. विकास दवे, निदेशक साहित्य अकादमी के अलावा लेखक श्री विनोद नागर, श्री जवाहर कर्नावट, श्री प्रतीष पाठक आदि उपस्थित थे।

Leave a Reply Cancel reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts

  • मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया मां नर्मदा सेवा परिक्रमा का शुभारंभ, बताया जन्म-मरण का रहस्य
  • IFFI 2026: डॉक्यूमेंट्री ‘स्काई बियॉन्ड बॉर्डर्स – तरंग शक्ति’ में दिखी सैन्य क्षमता से परे भारत की सांस्कृतिक ताकत और एकता की झलक
  • गुरु नानक जयंती पर आज शेयर बाजार बंद, सोमवार को सेंसेक्स 1,484 अंक लुढ़का
  • गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं मानवता का मार्गदर्शन करती रहेंगी: प्रधानमंत्री मोदी
  • आंचलिक बोलियों का संरक्षण जरूरी : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

Recent Comments

No comments to show.

Categories

  • Uncategorized
  • खेल
  • छत्तीसगढ
  • मध्य प्रदेश टुडे
  • मनोरंजन
  • मुख्य समाचार
  • व्यापार
  • स्वस्थ
©2026 खबर हर तरफ की | Design: Newspaperly WordPress Theme