प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि सिख परंपरा त्याग, समर्पण और राष्ट्र व संस्कृति की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने की भावना का प्रतीक रही है। सिख गुरुओं ने देश के कठिन दौर में भी राष्ट्र की सुरक्षा और सांस्कृतिक पहचान को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
प्रधानमंत्री मोदी नई दिल्ली स्थित उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू के आवास ‘लोक निवास’ में आयोजित शबद कीर्तन कार्यक्रम में शामिल होने के बाद अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं और सिख परंपरा के राष्ट्र निर्माण में योगदान को याद किया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि गुरु नानक देव जी के सिद्धांत उनके जीवन का अभिन्न हिस्सा रहे हैं। उनकी शिक्षाएं आज भी समाज को सही दिशा दिखाने के साथ मानवता और सद्भाव का संदेश देती हैं।
गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर देशवासियों को दी शुभकामनाएं
गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। सोशल मीडिया पर साझा संदेश में उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी की शाश्वत शिक्षाएं आज भी पूरी मानवता का मार्गदर्शन कर रही हैं।
प्रधानमंत्री ने उम्मीद जताई कि गुरु नानक देव जी का संदेश लोगों को दया, एकता और आपसी सद्भाव की भावना अपनाने के लिए प्रेरित करेगा। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं में निहित ‘सरबत दा भला’ यानी सभी के कल्याण की भावना एक बेहतर और समावेशी समाज के निर्माण का आधार है।
