मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने एशियाई खेल 2026 में भारत के मुक्केबाजों और तीरंदाजों द्वारा किए गए शानदार प्रदर्शन की सराहना करते हुए सभी पदक विजेताओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
मुख्यमंत्री ने एशियन गेम्स की पुरुषों की 90 किग्रा बॉक्सिंग स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने पर कपिल पोखरिया को बधाई देते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि देश के युवा मुक्केबाजों को खेल में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी। वहीं महिला 60 किग्रा बॉक्सिंग स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने वाली प्रिया घंघास की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि प्रिया की कड़ी मेहनत और शानदार खेल भावना ने भारत का मान बढ़ाया है।
तीरंदाजी (Archery) में भारतीय खिलाड़ियों के ऐतिहासिक प्रदर्शन पर हर्ष व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने महिलाओं की कंपाउंड टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने और विश्व रिकॉर्ड की बराबरी करने वाली तिकड़ी—ज्योति सुरेखा वेन्नम, पृथिका प्रदीप और चिकिता तनिपर्थी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि अद्भुत टीम वर्क और अथक परिश्रम से हासिल की गई यह विजय अत्यंत गौरवपूर्ण है।
इसके अलावा, मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कंपाउंड मिक्स्ड आर्चरी टीम इवेंट में स्वर्ण पदक जीतने पर साहिल राजेश जाधव और चिकिता तनिपार्थी तथा कंपाउंड पुरुष टीम इवेंट में स्वर्ण पदक हासिल करने वाले कुशल दलाल, साहिल राजेश जाधव और गणेश मणिरत्नम तिरुमुरु को भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि भारतीय खिलाड़ी अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से देश का मान बढ़ा रहे हैं और उनके समर्पण व पुरुषार्थ पर प्रत्येक भारतवासी को गर्व है। मुख्यमंत्री ने सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
