Skip to content
खबर हर तरफ की
Menu
  • होम
  • मुख्य समाचार
  • व्यापार
  • छत्तीसगढ
  • खेल
  • मध्य प्रदेश टुडे
  • स्वस्थ
  • मनोरंजन
Menu

खेलों को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार हरसंभव सहयोग करेगी : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

Posted on November 16, 2026 by admin

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इंदौर में वर्ल्ड स्नूकर चैंपियनशिप-2026 का किया शुभारंभ

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में खेलों को प्रोत्साहित करने और अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाएं विकसित करने के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी। किसी भी खेल की अकादमी स्थापित करने के लिए भूमि की आवश्यकता होने पर राज्य सरकार भूमि उपलब्ध कराने के लिए तैयार है। प्रदेश में प्रत्येक खेल को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव आज इंदौर में भारतीय बिलियर्ड्स एवं स्नूकर महासंघ (BSFI) के शताब्दी वर्ष के अवसर पर आयोजित वर्ल्ड स्नूकर चैंपियनशिप-2026 के शुभारंभ समारोह में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भारतीय बिलियर्ड्स एवं स्नूकर महासंघ के 100 वर्ष पूरे होना ऐतिहासिक उपलब्धि का अवसर है। इस महत्वपूर्ण पड़ाव पर महासंघ के पदाधिकारियों, खिलाड़ियों तथा मध्यप्रदेश बिलियर्ड्स एवं स्नूकर संघ को उन्होंने बधाई दी।

मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि यह मध्यप्रदेश के लिए गौरव की बात है कि तीन दिनों के भीतर प्रदेश में दो अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताएं आयोजित हो रही हैं। इंदौर में आयोजित इस विश्व स्तरीय प्रतियोगिता में लगभग 35 देशों के 150 से अधिक खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। उन्होंने सभी विदेशी खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए कहा कि इंदौर मां अहिल्या की नगरी और मालवा की आर्थिक राजधानी है। यहां अतिथि सत्कार की समृद्ध परंपरा है। प्रदेश में आने वाले सभी खिलाड़ियों को बेहतर आतिथ्य और खेल सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

उन्होंने बताया कि आगामी 19 नवम्बर को मध्यप्रदेश में महिला हॉकी की अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता भी आयोजित होने जा रही है। यह प्रदेश में खेल गतिविधियों के विस्तार और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों के बढ़ते अवसरों का प्रमाण है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेलों को मिल रहे प्रोत्साहन का जिक्र करते हुए कहा कि आज राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सभी खेलों को समान महत्व दिया जा रहा है। ओलंपिक, एशियाई खेल और कॉमनवेल्थ जैसे आयोजनों में भारतीय खिलाड़ियों की उपलब्धियां लगातार बढ़ रही हैं। खेलों के प्रति सरकार की सकारात्मक नीतियों और खिलाड़ियों को मिल रहे अवसरों से नए कीर्तिमान स्थापित हो रहे हैं।

मुख्यमंत्री डॉ यादव ने खेल प्रशिक्षकों के भविष्य और सम्मान का उल्लेख करते हुए कहा कि खिलाड़ियों के साथ-साथ प्रशिक्षकों का भविष्य भी सुरक्षित और उज्ज्वल होना चाहिए। उन्होंने बताया कि शिक्षा मंत्री रहते हुए उन्होंने खेल एवं खेल प्रशिक्षकों से संबंधित व्यवस्थाओं में आवश्यक संशोधन किए थे, ताकि खेल प्रशिक्षकों को भी उच्च शैक्षणिक पदों और पदोन्नति के अवसर प्राप्त हो सकें। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षक केवल प्रशिक्षण देने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे देश के भविष्य के खिलाड़ी तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि प्रदेश में खेलों को शिक्षा व्यवस्था से भी जोड़ा जा रहा है। नई शिक्षा नीति के अंतर्गत खेलों को विषय के रूप में शामिल किए जाने से विद्यार्थियों में खेलों के प्रति रुचि और प्रतिभा को प्रोत्साहन मिलेगा।

मुख्यमंत्री डॉ यादव ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन की कामना करते हुए वर्ल्ड स्नूकर चैंपियनशिप-2026 के शुभारंभ की घोषणा की।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अंतरराष्ट्रीय स्नूकर खिलाड़ी श्री पंकज आडवाणी के साथ बिलियर्ड्स टेबल पर खेल में हाथ आजमाया।

इस अवसर पर महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव, विधायक श्री रमेश मेन्दौला, भारतीय बिलियर्ड्स एवं स्नूकर महासंघ (BSFI) के श्री सुनील बजाज एवं श्री बाला सुब्रमण्यम, मध्यप्रदेश बिलियर्ड्स एवं स्नूकर संघ के श्री भोलू मेहता एवं श्री अश्विन पुराणिक, यशवंत क्लब के श्री विजय कस्तूरी एवं श्री जीतू जैन, अंतरराष्ट्रीय स्नूकर खिलाड़ी श्री गीत सेठी, श्री पंकज आडवाणी तथा अंतरराष्ट्रीय बिलियर्ड्स एवं स्नूकर महासंघ के श्री जिम लेसी, श्री सुमित मिश्रा, श्री मानसिंह यादव सहित अन्य अतिथि उपस्थित थे।

Leave a Reply Cancel reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts

  • SAFF चैंपियनशिप फाइनल में भारत-पाकिस्तान की भिड़ंत, 10वें खिताब पर टीम इंडिया की नजर
  • फिलीपींस पहुंचे पीएम मोदी, भारत-आसियान और पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में होंगे शामिल
  • रायपुर : प्रदेश में अब तक लगभग 5.65 लाख क्विंटल धान की खरीदी
  • खेलों को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार हरसंभव सहयोग करेगी : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
  • हर वर्ग के कल्याण के लिए काम कर रही है राज्य सरकार : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

Recent Comments

No comments to show.

Categories

  • Uncategorized
  • खेल
  • छत्तीसगढ
  • मध्य प्रदेश टुडे
  • मनोरंजन
  • मुख्य समाचार
  • व्यापार
  • स्वस्थ
©2026 खबर हर तरफ की | Design: Newspaperly WordPress Theme