Skip to content
खबर हर तरफ की
Menu
  • होम
  • मुख्य समाचार
  • व्यापार
  • छत्तीसगढ
  • खेल
  • मध्य प्रदेश टुडे
  • स्वस्थ
  • मनोरंजन
Menu

प्रधानमंत्री श्री मोदी ने स्वच्छता दूतों को प्रोत्साहित किया जिससे अभियान हुआ सफल : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

Posted on November 13, 2026November 14, 2026 by admin

संगीत संस्कृति के लिए विश्व प्रसिद्ध ग्वालियर को क्लीन सिटी के रूप में मिली नई पहचान
ग्वालियर में आयोजित हुआ स्वच्छता दूत सम्मान समारोह

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने देश में स्वच्छता अभियान का सफल नेतृत्व करते हुए विश्व में भारत की विशिष्ट पहचान बनाने का कार्य किया है। उन्होंने देशवासियों से अपने शहरों को स्वच्छ बनाने का आह्वान किया था। स्वच्छ भारत के लिए प्रधानमंत्री श्री मोदी ने स्वयं लाल किले पर झाड़ू थामा और समाज के प्रत्येक वर्ग को इस अभियान से जोड़ा। स्वच्छता से जुड़े हमारे कर्मयोगियों को उन्होंने सदैव प्रोत्साहन दिया। इन प्रयासों का ही परिणाम है कि इस वर्ष ग्वालियर को स्वच्छता का सम्मान मिला है। दीपावली पर महालक्ष्मी पूजन से पहले घरों की सफाई और फिर लक्ष्मी के साथ झाड़ू का पूजन हमारी परंपरा रही है। माता शीतला के भी एक हाथ में झाड़ू है। मानव समाज के हर वर्ग ने स्वच्छता को अंगीकृत किया है। यही स्वच्छता और शुचिता भारत की पहचान बन रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ग्वालियर में आयोजित स्वच्छता कर्मियों के सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमारे स्वच्छता कर्मियों के सहयोग के बिना होली, दीपावली सहित कोई त्योहार नहीं मनता है।

स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 के 57 पुरस्कारों में मध्यप्रदेश को 9 श्रेणियों में पुरस्कार मिले हैं। यह प्रदेशवासियों के लिए गौरव का विषय है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शुक्रवार को ग्वालियर के राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय में आयोजित ‘स्वच्छता दूत सम्मान समारोह’ में कहा कि स्वच्छता सर्वेक्षण में ग्वालियर, बुंदेलखंड अंचल से सागर, महाकौशल अंचल से जबलपुर, मालवा अंचल से उज्जैन, इंदौर और देपालपुर, बघेलखंड से रीवा, मध्य क्षेत्र से बुधनी के स्वच्छता दूतों ने प्रदेश को गौरवान्वित किया है। स्वच्छ शहरों में जबलपुर को देश में दूसरा स्थान मिला है। बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन भी स्वच्छ शहरों में स्थान बना रही है। यह सौभाग्य का विषय है कि अब ग्वालियर अपनी ऐतिहासिक विरासत, संगीत संस्कृति और विश्व प्रसिद्ध नगरी को स्वच्छ शहर (क्लीन सिटी) के रूप में जाना जाएगा। इसके लिए ग्वालियर के लोग पुन: बधाई के पात्र हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि ग्वालियर शहर ने आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल, बेहतर प्रबंधन और जनभागीदारी से मुकाम हासिल किया है। यहां पर भारत में पहली बार रिस्क स्क्रीनिंग टेक्नोलॉजी का उपयोग, इटैलियन टेक्नोलॉजी पर आधारित 1200 टन अत्याधुनिक कचरा प्रसंस्करण संयंत्र स्थापित किया गया है। ग्वालियर को स्वच्छता पुरस्कार दिलवाने में इस संयंत्र की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। शहर के 66 वार्डों में 10 हजार नागरिकों के साथ स्वच्छता संवाद किया गया है। यह देश में अपनी तरह का अनूठा प्रयोग है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि स्वच्छता अभियान में ग्वालियर के स्कूल और महाविद्यालयों के बच्चों को भी जोड़ा गया। विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित कर घरों में कचरे से खाद तैयार की गई। स्वच्छ दीपावली अभियान तो काबिल-ए-तारीफ है। शहर में दो वर्ष में 26 हजार के अधिक जरूरी वस्तुएं एकत्रित कर जरूरतमंदों को एक रुपए में उपलब्ध करवाई गई हैं। यह स्वच्छता के साथ सामाजिक संवेदनशीलता का भी एक उत्कृष्ट उदाहरण है। डोर टू डोर कचरा कलेक्शन के लिए वाहनों की संख्या बढ़ाई गई। शहर के 12 से 15 हजार परिवारों को निमित्त सेवाओं से जोड़ा गया। सफाई मित्रों के स्वास्थ्य को भी प्राथमिकता में रखा गया। शहर में 500 से अधिक स्वास्थ्य परीक्षण हुए और बचाव के लिए उपकरण भी सफाई कर्मियों को दिए गए। स्वच्छ ग्वालियर ऐप से नागरिकों की समस्याओं को त्वरित निराकरण किया गया। इस डिजिटल पहल से लगभग 3500 शिकायतों को निराकरण हुआ है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि ग्वालियर ने अलग-अलग पैरामीटर्स और नवाचारों के आधार पर काम करते हुए बड़ा मुकाम हासिल किया। स्वच्छता दूतों ने अपने समर्पण से ग्वालियर सहित पूरे प्रदेश का मान-सम्मान बढ़ाया है।

स्वच्छता मित्रों का किया सम्मान

स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 में ग्वालियर को स्टेट फर्स्ट स्वच्छ सिटी अवार्ड मिलने पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ग्वालियर के सभी स्वच्छता मित्रों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए सभी का आभार व्यक्त किया और प्रतीक स्वरूप 10 स्वच्छता मित्रों का सम्मान मंच से किया। जिसमें श्रीमती ममता/दिलीप, श्रीमती विमला/जगदीश, श्रीमती मीरा/मोहन, श्रीमती सगुन/रामस्वरूप, श्रीमती काजल/महेन्द्र, श्री कमल/भूपेश, श्री विनोद/सुंदर, श्री नवल/अशोक, श्री मनोज/घनष्याम एवं श्री चन्द्र प्रकाश/कालीचरण शामिल हैं। इसके साथ ही आम नागरिकों को जागरूक करने के लिए स्वच्छता ब्रांड एम्बेसडर एवं सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर को भी सम्मानित किया गया।

स्वच्छता मित्रों के साथ किया सहभोज

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्वच्छता दूत सम्मान समारोह के दौरान सामाजिक समरता का एक उदाहरण प्रस्तुत करते हुए स्वच्छता दूतों के साथ बैठकर भोजन किया और आगे उन्हें अच्छा कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के साथ प्रदेश के उद्यानिकी मंत्री श्री नारायण सिंह कुशवाह, ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, सांसद श्री भारत सिंह कुशवाह, महापौर श्रीमती शोभा सतीश सिकरवार, सभापति श्री मनोज तोमर ने भी स्वच्छता मित्रों के साथ बैठकर सहभोज में भागीदारी की।

Leave a Reply Cancel reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts

  • सेवा कार्यों का सिलसिला थमना नहीं चाहिए : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
  • प्रधानमंत्री श्री मोदी ने स्वच्छता दूतों को प्रोत्साहित किया जिससे अभियान हुआ सफल : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
  • रायपुर : गांव, गरीब, किसान, मजदूर, माताओं-बहनों और युवाओं का सर्वांगीण विकास हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता : मुख्यमंत्री श्री साय
  • आगामी 2 वर्षों में प्रदेश में स्थापित होंगे 22 नए चिकित्सा महाविद्यालय : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
  • वॉटर स्पोर्ट्स का हब बन रहा है भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

Recent Comments

No comments to show.

Categories

  • Uncategorized
  • खेल
  • छत्तीसगढ
  • मध्य प्रदेश टुडे
  • मनोरंजन
  • मुख्य समाचार
  • व्यापार
  • स्वस्थ
©2026 खबर हर तरफ की | Design: Newspaperly WordPress Theme