Skip to content
खबर हर तरफ की
Menu
  • होम
  • मुख्य समाचार
  • व्यापार
  • छत्तीसगढ
  • खेल
  • मध्य प्रदेश टुडे
  • स्वस्थ
  • मनोरंजन
Menu

शस्त्र-पूजन भारतीय संस्कृति, शौर्य और कर्तव्यनिष्ठा का प्रतीक : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

Posted on October 20, 2026 by admin

इंदौर में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच किया अस्त्र-शस्त्रों का पूजन
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इंदौर में अनेक नवाचारों की शुरूआत की
युवाओं के लिये अगले वर्ष मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा विशेष परीक्षा आयोजित की जायेगी
प्रदेश के प्रत्येक जिलों में पुलिस बल का होगा अपना बैण्ड

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विजयादशमी के पावन पर्व पर इंदौर में आयोजित शस्त्र-पूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि शस्त्र पूजन भारतीय सनातन संस्कृति, शौर्य, शक्ति और कर्तव्यनिष्ठा का प्रतीक है। भारतीय संस्कृति हमें प्रकृति के साथ सामंजस्य स्थापित करते हुए जीवन जीने की प्रेरणा देती है। शस्त्र धारण करना केवल शक्ति प्रदर्शन का माध्यम नहीं, बल्कि समाज के कष्ट दूर करने, नागरिकों की रक्षा करने और व्यवस्था बनाए रखने का दायित्व है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विजयादशमी के पावन पर्व पर इंदौर पुलिस लाइन में आयोजित शस्त्र पूजन कार्यक्रम में सहभागिता कर शौर्य, पराक्रम और राष्ट्र रक्षा की गौरवशाली परंपरा का निर्वहन किया। इस अवसर पर उन्होंने मां कालका की आराधना की तथा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच परंपरागत तलवार, भाला सहित अत्याधुनिक एके-47 और अन्य अस्त्र-शस्त्रों का विधि-विधान से पूजन किया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पुलिस वाहन, अश्वों का पूजन करने के साथ शस्त्रागार का अवलोकन भी किया। कार्यक्रम में उन्होंने कन्या पाद पूजन भी किया। कार्यक्रम में उन्हें महिला पुलिस दल द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। विजयादशमी के अवसर पर आयोजित इस समारोह में धार्मिक आस्था, शौर्य परंपरा और जनसुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता का समन्वय देखने को मिला।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि विजयादशमी का पर्व भगवान श्रीराम द्वारा रावण वध के माध्यम से अधर्म पर धर्म की विजय तथा मां दुर्गा द्वारा महिषासुर के वध के माध्यम से नारी शक्ति के सामर्थ्य का संदेश देता है। भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण की परंपरा से समृद्ध सनातन संस्कृति हमारे संस्कारों और जीवनशैली को विशिष्ट पहचान प्रदान करती है। हमारी परंपरा में शस्त्र को भी तिलक लगाकर श्रद्धा और पवित्रता के साथ पूजने का विधान है। यह शस्त्र के प्रति सम्मान के साथ उसके जिम्मेदार उपयोग की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि भारत का गौरवशाली इतिहास वीरों के त्याग, बलिदान और राष्ट्र के प्रति समर्पण से निर्मित हुआ है। देश के वीर सपूतों ने अपने प्राणों की आहुति देकर भारत माता के मान-सम्मान की रक्षा की है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत अपने गौरवशाली अतीत से प्रेरणा लेकर स्वर्णिम भविष्य की ओर अग्रसर है।

सरकार सभी त्योहारों और सांस्कृतिक परंपराओं में सहभागी

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार ने सामाजिक संस्कारों और सांस्कृतिक परंपराओं को प्रोत्साहित करने के लिए सभी त्योहारों में सक्रिय सहभागिता की परंपरा विकसित की है। आज प्रदेशभर में पुलिस बलों द्वारा शासकीय स्तर पर शस्त्र पूजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रशासन में अनुशासन के साथ प्रोत्साहन भी आवश्यक है। दण्ड से व्यवस्था कायम होती है, तो प्रोत्साहन और सम्मान से कार्य करने वालों का उत्साह बढ़ता है।

इंदौर के पुलिस नवाचारों की सराहना

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इंदौर में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए किए जा रहे नवाचारों की सराहना की। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में लोकार्पित एप नागरिकों और पुलिस के बीच संवाद को सरल, त्वरित और पारदर्शी बनाने में उपयोगी सिद्ध होगा। इस एप के माध्यम से पुलिसकर्मियों की ड्यूटी संबंधी जानकारी, संबंधित थानों और अधिकारियों का विवरण, संपर्क सुविधाएं तथा आवश्यक पुलिस सेवाओं की जानकारी एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध हो सकेगी। इसकी उपयोगिता को देखते हुए भविष्य में इसे प्रदेश स्तर पर लागू करने पर भी विचार किया जाएगा। उन्होंने यातायात प्रबंधन, सड़क सुरक्षा तथा कानून व्यवस्था के लिए 51 मोटरसाइकिल उपलब्ध कराने की पहल की भी सराहना की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि इन संसाधनों की व्यवस्था कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) निधि के माध्यम से की गई है, जिससे शासन पर अतिरिक्त वित्तीय भार डाले बिना नागरिक सुरक्षा को मजबूत करने का सकारात्मक प्रयास किया गया है।

पुलिस विभाग में रिक्त पदों पर शीघ्र भर्ती का निर्णय

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार पुलिस विभाग सहित सभी विभागों में मानव संसाधन और व्यवस्थाओं को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। पुलिस विभाग में 18,500 पदों पर भर्ती का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि आगामी दो वर्षों में रिक्त पदों को भरने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा। प्रदेश में विभिन्न विभागों में कुल 85 हजार पदों पर नियुक्तियों की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने ने आगामी वर्ष को युवा वर्ष के रूप में मनाने की बात कही और मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग की विशेष परीक्षाएं आयोजित करने का उल्लेख किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पुलिस बल की कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए प्रशिक्षण, आधुनिक संसाधन, नई जांच पद्धतियों, फॉरेंसिक सुविधाओं और संशोधित आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी ध्यान दिया जा रहा है।

प्रदेश के पुलिस बलों में होंगे पुलिस बैंड

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राष्ट्रीय पर्व 26 जनवरी और 15 अगस्त भी शासन और प्रशासन के लिए गौरव तथा उत्साह के अवसर हैं। इन पर्वों पर परेड की गरिमा बढ़ाने के लिए प्रदेश के प्रत्येक जिले और पुलिस बल में पुलिस बैंड की व्यवस्था विकसित करने की दिशा में पहल की जा रही है। इसके लिए 750 पदों पर भर्ती किए जाने की बात भी उन्होंने कही।

पुलिसकर्मियों के समर्पण और महिला शक्ति को किया नमन

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पुलिसकर्मी अपने परिवार से दूर रहकर चौबीसों घंटे नागरिकों की सुरक्षा के लिए तत्पर रहते हैं। उनका समर्पण, दक्षता और कर्तव्यनिष्ठा विशेष सम्मान की पात्र है। पुलिसकर्मियों के परिवार भी उनके दायित्वों के निर्वहन में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं, इसलिए उनके कल्याण के लिए भी सरकार संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कार्यक्रम में गार्ड ऑफ ऑनर में महिला पुलिसकर्मियों की सहभागिता के नवाचार की सराहना करते हुए कहा कि क्षमता और दक्षता किसी एक वर्ग तक सीमित नहीं हैं। बेटियां भी प्रत्येक दायित्व को पूरी कुशलता और सामर्थ्य के साथ निभा सकती हैं। ऐसे नवाचार समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के साथ समान अवसरों की भावना को भी मजबूत करते हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विजयादशमी के पावन पर्व पर सभी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि असत्य पर सत्य और अधर्म पर धर्म की विजय का यह पर्व सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और मंगल लेकर आए। उन्होंने इंदौर प्रशासन और पुलिस विभाग को बेहतर व्यवस्थाओं एवं नवाचारों के लिए बधाई दी।

पुलिस सेतु ऐप का शुभारंभ – 51 दो पहिया वाहनों के संचालन का शुभारंभ

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कार्यक्रम में पुलिस सेतु ऐप का शुभारंभ भी किया। जिसके माध्यम से नागरिक अपने स्थान के आधार पर संबंधित पुलिस थाने और ड्यूटी अधिकारियों की जानकारी प्राप्त कर उनसे सीधे संपर्क कर सकेंगे। इसके साथ ही होण्डा इंडिया फाउंडेशन द्वारा आइडियल ट्रैफिक सेफ सिटी परियोजना के तहत इंदौर पुलिस को उपलब्ध कराए गए 51 वाहनों को मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा फ्लैग ऑफ किया गया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने होण्डा इंडिया फाउण्डेशन द्वारा सड़क सुरक्षा के संबंध में जनजागरूकता के लिये तैयार पोस्टर का विमोचन भी किया। कार्यक्रम में इंदौर पुलिस द्वारा नशामुक्ति के क्षेत्र में जनजागरण के लिये किये गये कार्यों के संबंध में तैयार लघु फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया।

पुलिस कमिश्नर श्री संतोष कुमार सिंह ने विजयादशमी पर आयोजित इस शस्त्र पूजन कार्यक्रम में स्वागत भाषण देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव की प्रेरणा एवं मार्गदर्शन में वर्ष 2024 से शस्त्र पूजन की गौरवशाली परंपरा से आमजन और जनप्रतिनिधियों को जोड़ा गया है। यह परंपरा देश की शौर्य, वीरता, बलिदान और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है।

उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. यादव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए बताया कि इंदौर पुलिस कमिश्नरेट में 1721 पुलिसकर्मियों को पदोन्नति प्रदान की गई है, जबकि पूरे प्रदेश में पुलिस विभाग में 27500 से अधिक पदोन्नतियां हुई हैं। इंदौर पुलिस द्वारा अनेक नवाचार किये गये हैं। इसके बेहतर परिणाम मिल रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के मार्गदर्शन में इंदौर पुलिस तकनीक, नवाचार और जनकल्याण के माध्यम से नागरिकों को बेहतर पुलिसिंग एवं सुरक्षा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम में यह भी थे उपस्थित

कार्यक्रम में जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट, सांसद श्री शंकर लालवानी, महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव, विधायक श्री रमेश मेंदोला, श्री गोलू शुक्ला, श्रीमती मालिनी गौड़, श्री मधु वर्मा, श्री महेंद्र हार्डिया, सुश्री उषा ठाकुर, श्री सुमित मिश्रा, श्री श्रवण चावड़ा, श्री गौरव रणदीवे, श्री सावन सोनकर, संभागायुक्त श्री भास्कर लाक्षाकार, पुलिस कमिश्नर श्री संतोष कुमार सिंह, आईजी श्री अनुराग, कलेक्टर श्री शिवम वर्मा, नगर निगम आयुक्त श्री क्षितिज सिंघल, सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

समारोह के दौरान सशस्त्र पुलिस बल के बैंड ने धार्मिक गीतों और भजनों की मधुर प्रस्तुतियां दीं। इन प्रस्तुतियों से समारोह स्थल भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो गया।

Leave a Reply Cancel reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts

  • भगवान श्री राम के आदर्श को अपना रहे हैं प्रधानमंत्री श्री मोदी
  • भगवान राम ने रिश्तों का महत्व बताया और अपने आचरण से सदमार्ग पर चलने का दिया संदेश : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
  • रायपुर : सत्य और धर्म की विजय का शाश्वत संदेश देता है विजयादशमी का पर्व : मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय
  • रायपुर : केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने रावघाट – रायपुर एवं रायपुर – कुरूद यात्री रेल सेवाओं को दिखाई हरी झंडी
  • मुख्यमंत्री डॉ. यादव पुलिस स्मृति दिवस पर शहीद पुलिसकर्मियों को अर्पित करेंगे श्रद्धांजलि

Recent Comments

No comments to show.

Categories

  • Uncategorized
  • खेल
  • छत्तीसगढ
  • मध्य प्रदेश टुडे
  • मनोरंजन
  • मुख्य समाचार
  • व्यापार
  • स्वस्थ
©2026 खबर हर तरफ की | Design: Newspaperly WordPress Theme