भारतीय ग्रैंडमास्टर आर. प्रज्ञानानंद ने अमेरिका के सेंट लुइस में खेले जा रहे सिनकफील्ड कप के दूसरे दौर में शानदार प्रदर्शन करते हुए जावोखिर सिंदारोव को हरा दिया। टूर्नामेंट में यह प्रज्ञानानंद की पहली जीत है। सिनकफील्ड कप ग्रैंड चेस टूर का पेनल्टीमेट यानी अंतिम से पहले का टूर्नामेंट है।
प्रज्ञानानंद ने मुकाबले की शुरुआत से ही सिंदारोव पर दबाव बनाए रखा। क्वीन-पॉन ओपनिंग से निकले एंडगेम में भारतीय खिलाड़ी ने धीरे-धीरे अपनी स्थिति मजबूत की और बढ़त का फायदा उठाने के लिए लगातार दबाव बनाए रखा।
सिंदारोव ने जिस एंडगेम में प्रवेश किया, वह स्थिति बराबरी की थी और सामान्य तौर पर मुकाबला ड्रॉ की ओर बढ़ता नजर आ रहा था। हालांकि, प्रज्ञानानंद ने हार नहीं मानी और लगातार सटीक चालों के साथ दबाव बनाए रखा। आखिरकार उन्होंने बराबरी की स्थिति को जीत में बदल दिया।
यह मुकाबला कुल 95 चालों तक चला। इस जीत के साथ प्रज्ञानानंद के दो मुकाबलों में 1.5 अंक हो गए हैं और उन्होंने टूर्नामेंट में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है।
