भारत की स्वतंत्रता के 79 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) ने रविवार को नई दिल्ली में साइक्लोथॉन 2026 का आयोजन किया। केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ की उपस्थिति में साइक्लोथॉन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यह साइक्लोथॉन मेजर ध्यानचंद राष्ट्रीय स्टेडियम से शुरू हुई और राष्ट्रीय राजधानी के प्रमुख स्थलों से होकर निर्धारित मार्ग पूरा करने के बाद पुनः वहीं समाप्त हुई। कार्यक्रम का आयोजन ‘स्वच्छ भारत, हरित भारत और फिट भारत’ विषय पर किया गया।
इस पहल का उद्देश्य युवाओं को शारीरिक फिटनेस, पर्यावरण संरक्षण और सतत जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था। साथ ही देशभक्ति, अनुशासन, एकता और राष्ट्रसेवा जैसे एनसीसी के मूल्यों को और अधिक मजबूत बनाने का संदेश भी दिया गया।
रक्षा मंत्रालय ने कहा कि यह साइक्लोथॉन टीबी मुक्त भारत, स्वच्छ भारत अभियान, एक पेड़ मां के नाम और हर घर तिरंगा जैसे राष्ट्रीय अभियानों के प्रति एनसीसी की प्रतिबद्धता को दोहराने का प्रतीक है। मंत्रालय ने विश्वास जताया कि इस तरह के आयोजन युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करेंगे।
