Skip to content
खबर हर तरफ की
Menu
  • होम
  • मुख्य समाचार
  • व्यापार
  • छत्तीसगढ
  • खेल
  • मध्य प्रदेश टुडे
  • स्वस्थ
  • मनोरंजन
Menu

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने किया पम्प्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना की एक इकाई का शुभारंभ

Posted on November 18, 2026 by admin

नौ में से एक इकाई का परिचालन प्रारंभ
एशिया महाद्वीप की प्रथम और अभिनव परियोजना
विद्युत की आवश्यकता पर पीक ऑवर्स में दो हज़ार मेगावाट बिजली मिल सकेगी
पम्प्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना बिजली उत्पादन क्षेत्र में क्रांतिकारी परिवर्तन लाने वाली परियोजना
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंत्रिमंडल के सदस्यों के साथ रामपुर प्लांट का किया अवलोकन

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंदसौर जिले के गांधीसागर में कैबिनेट बैठक के पश्चात ग्रीनको पावर प्लांट ,रामपुर जिला नीमच का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस अवसर पर परियोजना एक इकाई का बटन दबाकर शुभारंभ किया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बिजली उत्पादन के क्षेत्र में हाइड्रो पावर प्लांट और पम्प्ड हाइड्रो स्टोरेज एक नई तकनीक है। गांधीसागर में निर्मित पम्प्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना की कुल लागत 11 हजार 474 करोड़ रुपए है। इसके प्रारंभ होने के बाद प्रदेश में बिजली की मांग के पीक ऑवर्स में पम्प्ड हाइड्रो स्टोरेज से 2 हज़ार मेगावाट बिजली का उत्पादन होगा और मांग के अनुरूप तुरंत बिजली आपूर्ति की जा सकेगी। इससे प्रदेश में चौबीसों घंटे बिजली की पर्याप्त मात्रा में उपलब्धता सुनिश्चित होगी।

एशिया की सबसे बड़ी परियोजना

नीमच जिले में ग्रीनको ग्रुप की 1920 मेगावाट भंडारण क्षमता वाली ‘गांधीसागर’ पम्प्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना पर 11 हजार 500 करोड़ का निवेश किया जा रहा है। पूर्ण होने पर इसमें 1920 मेगावाट पूर्ण क्षमता पर लगातार 6 घंटे विद्युत उत्पादन किया जा सकेगा। परियोजना नीमच जिले की रामपुरा तहसील के खेमला ब्लॉक के गांव में स्थापित की जा रही है। परियोजना का निर्माण लगभग 414 हेक्टेयर भूमि पर किया जा रहा है। परियोजना देश ही नहीं पूरे एशिया में निर्माणाधीन सबसे बड़ी स्वतंत्र ‘पम्प्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना’ है। इसमें दो जलाशय शामिल हैं।निचला जलाशय मौजूदा गांधीसागर जलाशय (कुल क्षमता लगभग 270 TMC/7643.70 MCM) है। परियोजना में गांधीसागर जलाशय से केवल 2.4 TMC (67.66 MCM) पानी का गैर-उपभोक्ता पुनः उपयोग किया जाएगा, यानी पानी की खपत नहीं होगी, बल्कि उसे चक्रिय रूप में बार-बार इस्तेमाल किया जाएगा। पंपिंग मोड (ऊर्जा भंडारण) अन्तर्गत दिन या रात के समय ग्रिड से मिलने वाली अतिरिक्त सौर या पवन ऊर्जा से दो दिशाओं में आगे-पीछे चलने वाली मोटरों के ज़रिए पानी को निचले जलाशय से ऊपरी जलाशय में पंप करके संग्रहित किया जाएगा। टरबाइन मोड (बिजली उत्पादन) अन्तर्गत अधिक मांग वाले व्यस्त समय (पीक ऑवर्स) में ऊपरी जलाशय से पानी निचले जलाशय में छोड़ा जाता है, जिससे मोटर्स विपरीत दिशा में घूमकर टरबाइन के रूप में आपूर्ति योग्य नवकरणीय (बिजली) पैदा की जाएगी।

परियोजना 1920 मेगावाट की पूरी क्षमता पर लगातार 6 घंटे तक बिजली उत्पादन कर सकती है। टरबाइन मोड में इसका रेटेड हेड लगभग 122 मीटर है। परियोजना की राउंड ट्रिप एफीशिएंसी यानी संग्रहित ऊर्जा को वापस देने की क्षमता लगभग 80 प्रतिशत रहने का अनुमान है। इसमें कुल 9 टर्बाइन लगाए जा रहे हैं, इनसे कुल वार्षिक ऊर्जा उत्पादन क्षमता 3,580 मिलियन यूनिट होगी। पम्पिंग और उत्पादित बिजली की निकासी के लिए यह परियोजना 60 किमी दूर मंदसौर जिले में स्थित 765/400kV PGCIL/CTU सब स्टेशन से जुड़ी है।

जून 2027 से पूरी परियोजना का कमर्शियल ऑपरेशंस पूर्ण रूप से शुरू होगा। परियोजना में लगभग 4 हजार लोगों को रोजगार मिला है। संचालन एवं रखरखाव शुरु होने पर इस परियोजना से स्थायी रोजगार और इस क्षेत्र और संपूर्ण प्रदेश की अर्थव्यवस्था को लाभ मिलेगा।

मुख्यमंत्री और मंत्रीगण के समक्ष हुआ प्रेजेंटेशन

मुख्यमंत्री डॉ. यादव के समक्ष ग्रीन को कांफ्रेंस हॉल में, पावर प्लांट पर प्रस्तुतीकरण दिया गया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रोजेक्ट व्यू प्वाइंट और टरबाइन तथा पावर हाउस का अवलोकन किया और तकनीकी जानकारियां प्राप्त की।

Leave a Reply Cancel reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts

  • प्रदेश में उद्योगों के साथ व्यापार-व्यवसाय को बढ़ावा दिया जा रहा : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
  • रायपुर : स्पेस ऑन व्हील से जनजातीय अंचलों के बच्चों तक पहुंच रहा अंतरिक्ष विज्ञान
  • Hong Kong Open: लक्ष्य सेन और किदांबी श्रीकांत की शानदार जीत, पुरुष और महिला सिंगल्स के दूसरे दौर में पहुंचे भारतीय खिलाड़ी
  • रेजांगला के वीरों का शौर्य पूरी दुनिया याद रखेगी : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
  • मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने किया पम्प्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना की एक इकाई का शुभारंभ

Recent Comments

No comments to show.

Categories

  • Uncategorized
  • खेल
  • छत्तीसगढ
  • मध्य प्रदेश टुडे
  • मनोरंजन
  • मुख्य समाचार
  • व्यापार
  • स्वस्थ
©2026 खबर हर तरफ की | Design: Newspaperly WordPress Theme