भारतीय महिला कबड्डी टीम ने एशियन गेम्स 2026 में देश को शानदार प्रदर्शन करते हुए तीसरा गोल्ड मेडल दिला दिया है। फाइनल के बेहद रोमांचक और कांटे के मुकाबले में भारत ने ईरान को 37-34 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इससे पहले भारतीय महिला टीम ने हांगझोऊ 2023 एशियाई खेलों में भी गोल्ड मेडल हासिल किया था।
अंतिम पलों तक सांस रोक देने वाले इस मैच में भारत ने लगातार बढ़त बनाए रखी, जबकि ईरानी टीम वापसी के लिए जी-तोड़ प्रयास कर रही थी। मैच के अंतिम मिनट में ईरान को मैच में बने रहने के लिए अंक की सख्त जरूरत थी, लेकिन भारतीय डिफेंस ने आयनाज पर एक बेहतरीन टैकल कर जीत पर मुहर लगा दी।
पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन लय में दिखीं संजू देवी ने खिताबी मुकाबले में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। स्वर्ण पदक जीतने वाली इस भारतीय टीम में पूजा, राज रानी, सोनाली विष्णु शिंगटे, पुष्पा, भावना देवी, रितु, संजू देवी, रितु नेगी, मनीषा कुमारी, पिंकी रॉय, ज्योति और निकिता शामिल थीं। महिला टीम की इस ऐतिहासिक जीत के बाद अब भारतीय पुरुष कबड्डी टीम का भी फाइनल मुकाबला होना है, जहां वे बतौर गत चैंपियन ईरान के खिलाफ अपने खिताब का बचाव करने उतरेंगे।
शनिवार का दिन भारतीय दल के लिए उपलब्धियों से भरा रहा। पुरुषों की मैराथन में सावन बरवाल ने 2:11:37 के राष्ट्रीय रिकॉर्ड समय के साथ सिल्वर मेडल जीतकर एशियन गेम्स मैराथन में भारत के 44 साल के पदक के सूखे को खत्म किया। वहीं, शूटिंग में आशी चौकसे, तिलोत्तमा सेन और विदरसा विनोद की तिकड़ी ने महिलाओं के 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन टीम इवेंट में सिल्वर मेडल जीता। इसके अलावा स्क्वैश मिक्स्ड डबल्स के सेमीफाइनल में हांगकांग की जोड़ी से हारने के बाद जोशना चिनप्पा और वेलावन सेंथिलकुमार को ब्रॉन्ज मेडल से संतोष करना पड़ा।
