भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी अश्मिता चालिहा ने शानदार वापसी करते हुए कोरिया मास्टर्स 2026 का महिला एकल खिताब अपने नाम कर लिया। असम की इस खिलाड़ी ने आज सुबह खेले गए फाइनल में चीन की हान कियान शी को 14-21, 21-14, 21-14 से हराकर अपने करियर का पहला बीडब्ल्यूएफ खिताब जीता। मुकाबला 53 मिनट तक चला।
फाइनल में अश्मिता को पहले गेम में हार का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने इसके बाद शानदार खेल दिखाते हुए लगातार दो गेम जीतकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। दूसरे गेम में उन्होंने लय हासिल की और निर्णायक गेम में भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए खिताब पर कब्जा जमाया।
अश्मिता ने इससे पहले सेमीफाइनल में अपनी हमवतन रक्षिता रामराज को 21-13, 16-21, 21-13 से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। वहीं, दूसरी ओर हान कियान शी ने सेमीफाइनल में दक्षिण कोरिया की जी किम को 22-20, 18-21, 21-14 से मात देकर फाइनल का टिकट हासिल किया था।
अश्मिता चालिहा इससे पहले 2024 एशिया टीम चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं। वर्ष 2019 के दक्षिण एशियाई खेलों में भी उन्होंने महिला एकल और टीम स्पर्धा, दोनों में स्वर्ण पदक हासिल किया था। कोरिया मास्टर्स का खिताब उनके अंतरराष्ट्रीय करियर में एक और बड़ी उपलब्धि के रूप में जुड़ गया है।
