नाइजीरिया के लागोस में आयोजित यू-23 कॉमनवेल्थ फेंसिंग चैंपियनशिप में भारत ने शानदार शुरुआत करते हुए पहले ही दिन 17 पदक अपने नाम किए। भारतीय खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता के शुरुआती दिन 4 स्वर्ण, 4 रजत और 9 कांस्य पदक जीते। चैंपियनशिप की शुरुआत रविवार को हुई थी।
भारतीय फेंसर्स ने सेबर, फॉयल और एपी की सभी छह व्यक्तिगत स्पर्धाओं में पोडियम पर जगह बनाकर अपनी मजबूत दावेदारी पेश की।
पुरुषों की सेबर स्पर्धा में निखिल वाघ ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि लक्ष्य बादसर ने रजत पदक हासिल किया। अश्विनी आर्या और लाइशराम मोरांबा ने कांस्य पदक अपने नाम किए। पुरुषों की फॉयल स्पर्धा में तेजस पाटिल ने रजत और हेमाश सनासम ने कांस्य पदक जीता। वहीं पुरुषों की एपी स्पर्धा में लोकेश वेमानी ने रजत पदक हासिल किया, जबकि शौर्य अश्विनी और गॉडविन अनबकेस ने कांस्य पदक जीते।
महिला वर्ग में फॉयल स्पर्धा में जॉयस आशिता ने स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया, जबकि उनकी साथी कनागलक्ष्मी ने रजत पदक जीता। महिला एपी में प्राची लोहान ने स्वर्ण पदक हासिल किया। निवेद्या नायर और अनुप्रिया ने कांस्य पदक जीते।
वहीं महिला सेबर स्पर्धा में जेफरलिन ने स्वर्ण, आखरी ने रजत और श्रेया गुप्ता ने कांस्य पदक अपने नाम किया।
भारत अब चैंपियनशिप के बाकी मुकाबलों में भी अपने शानदार प्रदर्शन को जारी रखते हुए पदकों की संख्या बढ़ाने के इरादे से उतरेगा।
