Skip to content
खबर हर तरफ की
Menu
  • होम
  • मुख्य समाचार
  • व्यापार
  • छत्तीसगढ
  • खेल
  • मध्य प्रदेश टुडे
  • स्वस्थ
  • मनोरंजन
Menu

सेवा हमारा धर्म और अंत्योदय हमारा लक्ष्य – मुख्यमंत्री डॉ. यादव

Posted on August 11, 2026August 11, 2026 by admin

बुजुर्गो को पेंशन का संबल, बहनों को रक्षाबंधन का उपहार
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सिंगल क्लिक से दो विभागों की योजनाओं के पात्र हितग्राहियों के खातों में अंतरित किए 311 करोड़ रुपए

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को मंत्रालय से प्रदेश के लाखों पात्र हितग्राहियों के खातों में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना की पेंशन राशि तथा प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत पात्र महिलाओं को गैस सिलेंडर रिफिल की प्रोत्साहन राशि सिंगल क्लिक से अंतरित की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश के सभी जिलों में मौजूद हितग्राहियों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से संबोधित करते हुए कहा कि समाज के हर वर्ग के विकास और कल्याण के लिए हमारी सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। सबके घरों में खुशहाली आए, यही हमारी भावना है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता सेवा और अंत्योदय है तथा प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में गरीब, युवा, नारी शक्ति और किसान कल्याण के लिए ऐतिहासिक कार्य किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि समर्पण भाव से सबकी सेवा हमारा धर्म और अंत्योदय ही हमारा अंतिम लक्ष्य है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के अंतर्गत प्रदेश के 35 लाख 25 हजार से अधिक पात्र हितग्राहियों के बैंक खातों में 211 करोड़ 53 लाख रुपये अंतरित किये। यह राशि जुलाई 2026 की पेंशन के रूप में संबंधित हितग्राहियों के खातों में पहुंचाई गई है। उन्होंने कहा कि पेंशन की राशि भले छोटी हो, लेकिन इससे मिलने वाला सहारा बहुत बड़ा होता है। बुजुर्गो के चेहरे की मुस्कान से ही सरकार को लोक कल्याण के लिए और भी बेहतर काम करने की नई ऊर्जा मिलती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे त्यौहार उत्सव का अवसर ही नहीं, समाज के अंतिम व्यक्ति की खुशियों से जुड़ने का अवसर भी होते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार के लिए नागरिकों के सम्मान और सबकी खुशी से बढ़कर दूसरा कोई त्यौहार नहीं है। इसीलिए हमने आने वाले त्यौहारों पर सबसे पहले बुजुर्गजनों को पेंशन राशि अंतरित करने का फैसला लिया।

श्रावण मास और आगामी रक्षाबंधन पर्व का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश की लगभग 22 लाख 20 हजार से अधिक बहनों के खातों में अप्रैल और मई 2026 की गैस सिलेंडर रिफिल की राशि भी सिंगल क्लिक से अंतरित की। इसके तहत करीब 99 करोड़ रुपये की दो माह की सब्सिडी बहनों के खातों में पहुंचाई गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सावन तो बहनों का ही महीना होता है। बहनें खुश न हों, तो घर में रौनक नहीं होती, इसीलिए हमने अभी से ही उन्हें रक्षाबंधन का उपहार देना शुरू कर दिया है। मुख्यमंत्री ने प्रदेश की सभी बहनों को रक्षाबंधन की आत्मीय शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सभी आनंद से रक्षाबंधन मनाएं, अच्छे पकवान बनाएं और अपने भाईयों को खिलायें। उन्होंने कहा कि बहनों की खुशी में ही हमारी खुशी है, बहनों के कल्याण में हम कोई कमी नहीं रखेंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेशवासियों को हरियाली तीज, स्वतंत्रता दिवस और रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए महाकाल की कृपा से सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने हर घर तिरंगा अभियान के तहत प्रदेश के सभी नागरिकों से अपने-अपने घरों पर तिरंगा लगाने का आह्वान किया।

मंत्रालय में हुए कार्यक्रम को खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्री गोविंद सिंह राजपूत और सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन कल्याण, उद्यानिकी तथा खाद्य प्रसंस्करण मंत्री श्री नारायण सिंह कुशवाह ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में अपर मुख्य सचिव खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति श्री रश्मि अरूण शमी, प्रमुख सचिव सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन कल्याण श्रीमती सोनाली वायंगणकर सहित अन्य विभागीय अधिकारी भी उपस्थित थे।

Leave a Reply Cancel reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts

  • किसानों से भूमि अधिग्रहण पर उन्हें दिया जाएगा चार गुना मुआवजा : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
  • वन पर्यटन को विस्तार, देकर होम स्टे से जनजातियों की बढ़ायें आय : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
  • सेवा हमारा धर्म और अंत्योदय हमारा लक्ष्य – मुख्यमंत्री डॉ. यादव
  • मुख्यमंत्री डॉ. यादव अहमदाबाद में निवेश के लिए उद्योग जगत से करेंगे संवाद
  • रायपुर : छत्तीसगढ़ को ‘GeM सस्टेनेबल प्रोक्योरमेंट अवार्ड’, शासकीय खरीदी दोगुनी होकर ₹3,935 करोड़ पहुंची

Recent Comments

No comments to show.

Categories

  • Uncategorized
  • खेल
  • छत्तीसगढ
  • मध्य प्रदेश टुडे
  • मनोरंजन
  • मुख्य समाचार
  • व्यापार
  • स्वस्थ
©2026 खबर हर तरफ की | Design: Newspaperly WordPress Theme