देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह में इस वर्ष ‘युवा शक्ति’ और विकसित भारत-2047 के निर्माण में युवाओं की भूमिका को प्रमुखता दी जाएगी। साथ ही राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में विशेष आयोजन किए जाएंगे। रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह ने नई दिल्ली में मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि स्वतंत्रता दिवस समारोह का नेतृत्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ऐतिहासिक लाल किले से करेंगे। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय ध्वज फहराने के बाद राष्ट्र को संबोधित करेंगे।
पहली बार लाल किले की प्राचीर से होगा ‘वंदे मातरम्’ का गायन
इस वर्ष समारोह का प्रमुख आकर्षण राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ का आयोजन होगा। स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान पहली बार लाल किले की प्राचीर से ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया जाएगा। लाल किले की प्राचीर को भी ‘वंदे मातरम्’ की थीम पर आधारित फूलों की सजावट से सजाया जाएगा।
ज्ञानपथ पर करीब 2,500 एनसीसी कैडेट और माई भारत स्वयंसेवक ‘वंदे मातरम्’ की आकृति बनाएंगे। प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद एनसीसी कैडेट और माई भारत स्वयंसेवक राष्ट्रीय गीत का सामूहिक गायन करेंगे। इसके बाद राष्ट्रगान होगा।
समारोह के दौरान एमआई-17 हेलीकॉप्टर भी हवाई प्रदर्शन में हिस्सा लेंगे। हेलीकॉप्टरों के जरिए राष्ट्रीय ध्वज, पुष्पवर्षा और ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने की स्मृति वाला विशेष बैनर प्रदर्शित किया जाएगा।
343 स्थानों पर होंगे सैन्य बैंड के कार्यक्रम
स्वतंत्रता दिवस समारोह के तहत 8 से 15 अगस्त के बीच देशभर में 343 प्रमुख स्थानों पर सशस्त्र बलों और अन्य वर्दीधारी सेवाओं के बैंड प्रस्तुतियां देंगे। इनमें थल सेना, नौसेना, वायु सेना, तटरक्षक बल, एनसीसी, सीआरपीएफ, आईटीबीपी, सीआईएसएफ, एसएसबी, बीएसएफ, आईडीएस, आरपीएफ और असम राइफल्स के बैंड शामिल होंगे।
‘युवा शक्ति’ होगी समारोह की दूसरी प्रमुख थीम
इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस समारोह की दूसरी प्रमुख थीम ‘युवा शक्ति – विकसित भारत@2047 की यात्रा का नेतृत्व’ रखी गई है। 2026 की अंतरराष्ट्रीय भौतिकी, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान और गणित ओलंपियाड में पदक जीतने वाले 19 विद्यार्थियों को विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है।
इसके अलावा युवा नवोन्मेषक, पीएम इंटर्नशिप योजना के प्रशिक्षु, स्टार्टअप से जुड़े युवा, पीएम कौशल विकास योजना के प्रशिक्षु, माई भारत स्वयंसेवक और विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थी भी समारोह में शामिल होंगे। दिल्ली सरकार के करीब 500 स्कूली विद्यार्थियों को क्विज और प्रतियोगिताओं के माध्यम से चयनित कर समारोह में आमंत्रित किया गया है।
विकसित भारत के योगदानकर्ताओं को भी मिलेगा सम्मान
समारोह में विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने वाले विभिन्न वर्गों को भी विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। इनमें पीएम मुद्रा योजना से लाभान्वित महिला उद्यमी, पीएमएवाई-यू के लाभार्थी, वैज्ञानिक एवं नवोन्मेषक, भारत टैक्सी सारथी, पीएम सूर्य घर योजना के लाभार्थी, पीएम विश्वकर्मा कारीगर, पीएम श्रम योगी मानधन के लाभार्थी, किसान और अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के स्वयंसेवक शामिल हैं।
देश के विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों का प्रतिनिधित्व करने वाले दिल्ली के 1,500 से अधिक लोगों को पारंपरिक परिधानों में समारोह में आमंत्रित किया गया है।
सुबह 4 बजे से मुफ्त मिलेगी मेट्रो सेवा
समारोह में आमंत्रित लोगों की सुविधा के लिए दिल्ली मेट्रो सेवाएं सुबह 4 बजे से शुरू होंगी और आमंत्रितों के लिए निशुल्क रहेंगी। करीब 200 माई भारत और एनसीसी स्वयंसेवक आगंतुकों की सहायता करेंगे। इनमें व्हीलचेयर की आवश्यकता वाले लोगों की सहायता भी शामिल होगी।
आगंतुकों के लिए क्लोक रूम, पेयजल, शौचालय और बारिश से बचाव के लिए रेन पोंचो की व्यवस्था की जाएगी। पार्किंग स्थलों की जानकारी गूगल मैप्स और मैपल्स के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी।
समारोह के बाद स्वच्छता अभियान
स्वतंत्रता दिवस समारोह के समापन के बाद एनसीसी कैडेट और माई भारत स्वयंसेवक लाल किले में स्वच्छता अभियान चलाएंगे। इसके तहत व्यवस्थित प्लॉगिंग और कचरे को तत्काल हटाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
