Skip to content
खबर हर तरफ की
Menu
  • होम
  • मुख्य समाचार
  • व्यापार
  • छत्तीसगढ
  • खेल
  • मध्य प्रदेश टुडे
  • स्वस्थ
  • मनोरंजन
Menu

किसानों की सुविधा के लिए धान उपार्जन पंजीयन की तिथि 4 नवम्बर तक बढ़ाई

Posted on November 2, 2026 by admin

आधुनिक कृषि तकनीक अपनाने के साथ ही पशुपालन, मछली पालन और उद्यानिकी से जुड़े किसान – मुख्‍यमंत्री ने किसानों से की अपील
हमने अपना वादा निभाया, किसानों को दे रहे दिन में 10 घंटे बिजली : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
किसानों की मेहनत, लगन और नवाचार से कृषि में नित नई उपलब्धि हासिल कर रहा मप्र
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सिवनी में हुए बलराम कृषि महोत्‍सव में वर्चुअली जुड़कर किया संबोधित

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश सरकार किसानों के कल्याण, उनकी आय में वृद्धि और कृषि क्षेत्र को अधिक लाभकारी बनाने के लिए प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने, कृषि विविधीकरण को प्रोत्साहित करने तथा कृषि उत्पादों का बेहतर मूल्य दिलाने के लिए सरकार द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। हमने किसानों से जो वादा किया था, उसे पूरा भी किया। इन दिनों प्रदेश में किसानों को खेती-किसानी के कामों के लिए दिन में 10 घंटे बिजली दी जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव सोमवार को मंत्रालय से सिवनी जिले की सिमरिया मंडी प्रांगण में हुए बलराम कृषि महोत्सव को वर्चुअली संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि रबी फसलों की सिंचाई के लिए दिन के समय 10 घंटे निर्बाध विद्युत आपूर्ति से किसानों को रात में सिंचाई की मजबूरी से राहत मिलेगी। उन्होंने धान उपार्जन का उल्लेख करते हुए कहा कि किसानों की सुविधा और अधिकाधिक पात्र किसानों को समर्थन मूल्य पर उपज विक्रय का अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से धान उपार्जन के पंजीयन की अंतिम तिथि 4 नवंबर तक बढ़ाई गई है। कोई भी पात्र किसान पंजीयन से वंचित न रहे, इस दिशा में आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

सिवनी में स्‍थापित होगा फूड पार्क

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जिले का जीराशंकर चॉवल अपनी विशिष्ट सुगंध और स्वाद के कारण अलग पहचान रखता है। बड़े आकार और मिठास से भरपूर सिवनी का जंबो सीताफल भी जिले की विशेष पहचान बन रहा है। जिले में टमाटर, मिर्च, अलसी, सरसों और सूरजमुखी जैसी फसलों की खेती भी किसानों के लिए महत्वपूर्ण संभावनाएं प्रस्तुत करती है। मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि कृषि उत्पादों का स्थानीय स्तर पर प्रसंस्करण और मूल्य संवर्धन होने से किसानों को अपनी उपज का बेहतर मूल्य मिले, इसी उद्देश्य से सिवनी में शीघ्र ही फूड पार्क की स्थापना की जाएगी। इससे कृषि आधारित उद्योगों को प्रोत्साहन मिलेगा तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार और उद्यमिता के नए अवसर विकसित होंगे। मुख्‍यमंत्री ने मत्‍स्‍य बीज उत्‍पादन कर किसानों एवं ग्रामीण अर्थव्‍यवस्‍था को मजबूती प्रदान करने की दिशा में जिले के जेवनारा मत्‍स्‍य बीज प्रक्षेत्र की बड़ी भूमिका की बात कही।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि वर्ष 2026 को किसान कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। इसके माध्यम से खेती-किसानी को अधिक लाभकारी बनाने के साथ किसानों को आय के अतिरिक्त स्रोतों से जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पारंपरिक फसलों के साथ दलहन, तिलहन, उद्यानिकी और नकदी फसलों की खेती को प्रोत्साहित किया जा रहा है, ताकि बाजार की मांग के अनुरूप किसान फसल उत्पादन कर सकें और कृषि जोखिम को भी कम कर सकें। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में कृषि को केवल पारंपरिक खेती तक सीमित न रखते हुए उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य पालन और खाद्य प्रसंस्करण जैसी गतिविधियों से जोड़कर किसानों की आय के नए अवसर विकसित किए जा रहे हैं। किसानों के परिश्रम से ही मध्यप्रदेश कृषि के क्षेत्र में निरंतर नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है।

‘मुख्यमंत्री रजिस्ट्री योजना’ से ग्रामीणों को मिलेगा संपत्ति का पक्का अधिकार

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि ‘मुख्यमंत्री रजिस्ट्री योजना’ ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से ग्रामीण आबादी क्षेत्र की संपत्तियों का सर्वेक्षण कर पात्र हितग्राहियों को अधिकार अभिलेख एवं रजिस्ट्री उपलब्ध कराई जा रही है। इस योजना के अंतर्गत प्रदेश के लगभग 60 लाख से अधिक ग्रामीणों को उनके पट्टे की संपत्ति की पक्की रजिस्ट्री कराकर उन्हें पूरा अधिकार दिलाने के लिए राज्य सरकार अपने खजाने से 10 हजार करोड़ रुपये खर्च करेगी। संपत्ति का विधिवत अधिकार मिलने से ग्रामीण नागरिक अपनी संपत्ति का स्वतंत्र रूप से उपयोग कर सकेंगे तथा आवश्यकता पड़ने पर उसके आधार पर बैंक से ऋण प्राप्त कर आर्थिक गतिविधियों को आगे बढ़ा सकेंगे। इससे ग्रामीण परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और गांवों में विकास के नए अवसर निर्मित होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के तहत शासकीय सुगम बस सेवा पुनः प्रारंभ कर दी गई है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर होने के साथ ही परिवहन के अधिक सुलभ साधन उपलब्ध हो सकेंगे।

उन्नत खेती और नवाचार अपनाने वाले किसानों का किया उत्साहवर्धन

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बलराम कृषि महोत्सव के दौरान हुई किसान क्विज प्रतियोगिता के विजेताओं का भी उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन किसानों को नई जानकारियों, आधुनिक तकनीकों और कृषि नवाचारों से जोड़ने का प्रभावी माध्यम हैं। मुख्यमंत्री ने युवाओं से भी खेती में नई तकनीकों, वैज्ञानिक पद्धतियों और नवाचारों का उपयोग कर कृषि को रोजगार का प्रभावी माध्यम बनाने की बात कही।

कार्यक्रम को बालाघाट-सिवनी लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती भारती पारधी, मप्र राज्य सहकारी बैंक (अपेक्स बैंक) के प्रशासक श्री महेंद्र सिंह यादव तथा सिवनी विधायक श्री दिनेश राय ने भी संबोधित किया। बलराम कृषि महोत्सव में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में नवाचार के साथ कृषि एवं उससे जुड़ी गतिविधियों में उल्लेखनीय कार्य कर रहे अग्रणी किसानों ने अपने अनुभव साझा किए।

कृषि वैज्ञानिकों एवं विषय विशेषज्ञों ने दी आधुनिक कृषि पद्धतियों की जानकारी

बलराम कृषि महोत्सव में किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, उन्नत फसल उत्पादन और कृषि से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों की जानकारी देने के लिए कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों एवं विभिन्न विषयों के विशेषज्ञों ने मार्गदर्शन दिया। विभागीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों पर आधारित प्रदर्शनी स्टॉलों के माध्यम से किसानों को कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य पालन सहित अन्य विभागों की किसान हितैषी योजनाओं, पात्रता, लाभ एवं आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में जिला अध्‍यक्ष श्रीमती मीना बिसेन, जनपद अध्‍यक्ष सिवनी श्रीमती किरण भलावी, पूर्व विधायक श्री नरेश दिवाकर, श्री आलोक दुबे, श्री प्रदीप राय सहित बड़ी संख्या में किसान बंधु उपस्थित थे।

Leave a Reply Cancel reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts

  • सीएम डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय मंत्री मेघवाल ने राहुल गांधी पर साधा निशाना, कहा- किसी की सगी नहीं हो सकती कांग्रेस
  • देवास घटना का मुख्य आरोपी निकला अवैध शराब का तस्कर और मास्टर माइंड
  • रायपुर : राज्यपाल श्री रमेन डेका ने आसमान में देखा भारतीय वायु सेना का अद्भुत शौर्य, साहस और कौशल
  • उज्जैन में बनेगी भगवान श्रीकृष्ण पर केन्द्रित अत्याधुनिक रिसर्च लाइब्रेरी : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
  • किसानों की सुविधा के लिए धान उपार्जन पंजीयन की तिथि 4 नवम्बर तक बढ़ाई

Recent Comments

No comments to show.

Categories

  • Uncategorized
  • खेल
  • छत्तीसगढ
  • मध्य प्रदेश टुडे
  • मनोरंजन
  • मुख्य समाचार
  • व्यापार
  • स्वस्थ
©2026 खबर हर तरफ की | Design: Newspaperly WordPress Theme