भारत निर्वाचन आयोग ने दिल्ली में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – 2026) के कार्यक्रम में संशोधन किया है। दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) के अनुसार, दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की अंतिम तिथि अब अगले महीने की 30 तारीख होगी।
नोटिस चरण तथा दावों और आपत्तियों का निस्तारण 30 नवंबर तक जारी रहेगा, जबकि अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 4 दिसंबर को किया जाएगा।
दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने यह भी बताया कि फॉर्म-6 के माध्यम से नए मतदाताओं के नामांकन के लिए कल राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCT) दिल्ली के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविरों का सफल आयोजन किया गया था। इन शिविरों में अन्य चुनावी सेवाएं भी प्रदान की गईं।
आधिकारिक बयान के मुताबिक, युवा मतदाताओं के नामांकन के लिए इसी महीने की 29 और 30 तारीख को राजधानी के सभी कॉलेजों, विश्वविद्यालयों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों में विशेष शिविरों का अगला दौर आयोजित किया जाएगा।
बयान में बताया गया है कि आज तक दिल्ली में अनमैप्ड और लॉजिकल विसंगतियों के मामलों में जारी किए गए नोटिसों पर 2,98,400 से अधिक सुनवाइयां पूरी की जा चुकी हैं। आयोग ने एक पारदर्शी, सहभागी और समावेशी पुनरीक्षण प्रक्रिया के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई, ताकि कोई भी पात्र नागरिक छूट न जाए और किसी भी अपात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल न हो।
