प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि पिछले 12 वर्षों के दौरान भारत में शहरों और गांवों के बीच का अंतर काफी कम हुआ है। उन्होंने ग्रामीण बुनियादी ढांचे में हुए उल्लेखनीय सुधार पर प्रकाश डाला और रेखांकित किया कि देशभर की महिलाएं भी तेजी से आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सशक्त हुई हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत वाराणसी से वडनगर तक की यात्रा कर रहे सेवा यात्रियों के साथ वर्चुअल बातचीत के दौरान यह बातें कहीं। उन्होंने समाज सेवा, सामाजिक सुधार और सकारात्मक बदलाव के महत्व पर बल देते हुए कहा कि ‘विकसित भारत’ का लक्ष्य सभी के योगदान और भागीदारी से ही साकार हो सकता है।
प्रधानमंत्री ने उल्लेख किया कि वडनगर ने उन्हें वे संस्कार दिए जिन्होंने उनके जीवन को आकार दिया, जबकि काशी ने उन संस्कारों में सेवा के अनगिनत रंग जोड़े। उन्होंने इस बात पर प्रसन्नता व्यक्त की कि युवा भी सेवा के विभिन्न रंगों से इस यात्रा को समृद्ध कर रहे हैं। बातचीत के दौरान यात्रियों ने प्रधानमंत्री के साथ अपने अनुभव साझा किए। श्री मोदी ने यात्रियों से यात्रा के दौरान अपने अनुभवों को डायरी में दर्ज करने का भी आग्रह किया।
