Skip to content
खबर हर तरफ की
Menu
  • होम
  • मुख्य समाचार
  • व्यापार
  • छत्तीसगढ
  • खेल
  • मध्य प्रदेश टुडे
  • स्वस्थ
  • मनोरंजन
Menu

थोक उपभोक्ताओं के लिए चीनी भंडारण सीमा 15 से बढ़ाकर 30 दिन की गई

Posted on September 19, 2026September 19, 2026 by admin

सरकार ने थोक उपभोक्ताओं के लिए चीनी की स्टॉक रखने की सीमा 15 दिन से बढ़ाकर 30 दिन कर दी है। हालांकि, 15 दिन की मौजूदा सीमा से अधिक रखी जाने वाली चीनी की मात्रा केवल एडवांस ऑथराइजेशन योजना और टैरिफ रेट कोटा के तहत आयात की गई चीनी से ही पूरी करनी होगी।

उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि खुले बाजार से खरीद के लिए स्टॉक सीमा में कोई बदलाव नहीं किया गया है। खुले बाजार से चीनी की खरीद 15 दिनों की खपत तक ही सीमित रहेगी। यह निर्णय सरकार द्वारा चीनी के प्रमुख थोक उपभोक्ताओं के साथ विस्तृत विचार-विमर्श के बाद लिया गया है।

मंत्रालय के अनुसार, इस कदम का उद्देश्य थोक उपभोक्ताओं के हितों और घरेलू चीनी बाजार में स्थिरता के बीच संतुलन बनाए रखना है। इससे आगामी त्योहारी सीजन के दौरान वास्तविक औद्योगिक उपभोक्ताओं को अपने संचालन में अधिक लचीलापन मिलेगा।

एक्स-मिल कीमतों में करीब 25 प्रतिशत की गिरावट

सरकार के अनुसार, खुदरा चीनी कीमतों में उनके उच्चतम स्तर की तुलना में करीब 10 प्रतिशत की कमी आई है, जबकि मिल स्तर पर चीनी की एक्स-मिल कीमतों में लगभग 25 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है। सरकार ने कहा कि खुदरा कीमतों में अपेक्षाकृत धीमी गिरावट से संकेत मिलता है कि एक्स-मिल कीमतों में कमी का पूरा लाभ अभी आपूर्ति श्रृंखला के माध्यम से उपभोक्ताओं तक नहीं पहुंचा है।

खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग के सचिव ने आज भारतीय चीनी एवं जैव-ऊर्जा निर्माता संघ (ISMA), राष्ट्रीय सहकारी चीनी कारखाना महासंघ और चीनी व्यापार से जुड़े प्रतिनिधियों के साथ संयुक्त बैठक में कहा कि एक्स-मिल कीमतों में आई कमी का पूरा असर अभी खुदरा कीमतों में दिखाई नहीं दे रहा है।

व्यापारियों से उपभोक्ताओं तक लाभ पहुंचाने की अपील

सरकार ने चीनी व्यापारियों, थोक विक्रेताओं और खुदरा विक्रेताओं से अपील की है कि एक्स-मिल कीमतों में हुई महत्वपूर्ण कमी का लाभ तत्काल उपभोक्ताओं तक पहुंचाया जाए। सरकार ने कहा कि खुदरा कीमतों में कमी मिल स्तर पर हुई गिरावट के अनुरूप होनी चाहिए।

साथ ही, पूरी चीनी आपूर्ति श्रृंखला से सामूहिक रूप से यह सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया है कि आगामी त्योहारी सीजन में चीनी और चीनी से बने उत्पाद उपभोक्ताओं के लिए उचित कीमतों पर उपलब्ध रहें।

किसानों और उपभोक्ताओं के हितों में संतुलन

मंत्रालय ने कहा कि सरकार लगातार गन्ना किसानों के हितों और उपभोक्ताओं के लिए चीनी की स्थिर एवं उचित कीमतों के बीच संतुलन बनाए रखने के लिए काम कर रही है। अगले महीने की पहली तारीख से शुरू होने वाले नए चीनी सीजन के साथ गन्ना किसानों को 365 रुपये प्रति क्विंटल का बढ़ा हुआ उचित एवं लाभकारी मूल्य (FRP) मिलेगा।

सरकार हर वर्ष एफआरपी में वृद्धि कर रही है, ताकि गन्ना किसानों को लाभकारी मूल्य मिल सके और चीनी क्षेत्र में संतुलन भी बना रहे। मंत्रालय ने कहा कि घरेलू बाजार में चीनी की उपलब्धता और कीमतों पर लगातार नजर रखी जाएगी तथा उपभोक्ताओं के लिए पर्याप्त उपलब्धता के साथ खाद्य प्रसंस्करण और अन्य उद्योगों की जरूरतें पूरी करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

Leave a Reply Cancel reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts

  • महात्मा गांधी-पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न शास्त्री को सीएम डॉ. मोहन ने किया नमन, कहा- देश को आत्मनिर्भरता की ओर ले जा रहे पीएम नरेंद्र मोदी
  • ‘हार्मोनिका’ की स्वर लहरियों में खोये श्रोता, सीएम डॉ. मोहन ने कहा- यह कार्यक्रम नहीं, संगीत के साधकों का कुंभ है
  • एशियन गेम्स: मुक्केबाजी में लवलीना और तीरंदाजी में महिला टीम ने रचा इतिहास, भारत ने जीते स्वर्ण पदक
  • गंभीर नहीं नेता प्रतिपक्ष, डिप्टी सीएम-कैबिनेट मंत्री बोले- पॉलिटिकल टूरिज्म करने बालाघाट आए राहुल गांधी
  • रोहित शर्मा फ्रेयर एनर्जी के पहले ब्रांड एंबेसडर बने; ‘सोलर हो, तो फ्रेयर हो!’ अभियान का शुभारंभ

Recent Comments

No comments to show.

Categories

  • Uncategorized
  • खेल
  • छत्तीसगढ
  • मध्य प्रदेश टुडे
  • मनोरंजन
  • मुख्य समाचार
  • व्यापार
  • स्वस्थ
©2026 खबर हर तरफ की | Design: Newspaperly WordPress Theme