25 जुलाई 2026। इंडियनऑयल के चेयरमैन ए. एस. साहनी ने आज इंडेन एक्स्ट्रालाइट नाउ (Indane XTRALITE NOW) का शुभारंभ किया। यह 10 किलोग्राम क्षमता वाला अत्याधुनिक कम्पोजिट एलपीजी सिलेंडर है, जिसे एक्सप्रेस डिलीवरी सेवा के साथ पेश किया गया है। इस अवसर पर इंडियनऑयल के निदेशक (विपणन) सौमित्र पी. श्रीवास्तव तथा निगम के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।
आधुनिक परिवारों की बदलती जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विकसित किया गया इंडेन एक्स्ट्रालाइट नाउ हल्के वजन, जंग-रोधी कम्पोजिट सिलेंडर तकनीक और डिजिटल सेवा प्रणाली का अनूठा संयोजन है, जो ग्राहकों को अधिक सुविधा, सुरक्षा और पारदर्शिता प्रदान करता है। इस सिलेंडर की पारदर्शी (ट्रांसलूसेंट) बॉडी के कारण उपभोक्ता आसानी से एलपीजी गैस का शेष स्तर देख सकते हैं। इसके साथ बुकिंग के चार घंटे के भीतर एक्सप्रेस डिलीवरी, पसंदीदा समय पर डिलीवरी तथा न्यूनतम दस्तावेज़ीकरण जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।
इस अवसर पर इंडियनऑयल के चेयरमैन ने लोकप्रिय 5 किलोग्राम ‘छोटू’ एलपीजी सिलेंडर के लिए भी एक्सप्रेस होम डिलीवरी सेवा का शुभारंभ किया। अब इस सिलेंडर की भी बुकिंग के चार घंटे के भीतर घर तक डिलीवरी की जाएगी। यह पहल शहरी परिवारों, कामकाजी पेशेवरों और छोटे परिवारों की जरूरतों के अनुरूप सुविधाजनक एवं लचीले एलपीजी समाधान उपलब्ध कराने की दिशा में इंडियनऑयल की प्रतिबद्धता को और मजबूत करेगी।
इस अवसर पर इंडियनऑयल के चेयरमैन श्री ए. एस. साहनी ने कहा,
“नवाचार तभी सार्थक है जब वह हमारे ग्राहकों के जीवन को बेहतर बनाए। इंडेन एक्स्ट्रालाइट नाउ अत्याधुनिक कम्पोजिट सिलेंडर तकनीक और सहज एवं उन्नत सेवा मॉडल का संयोजन है, जो ग्राहकों को अधिक स्मार्ट, सुरक्षित और सुविधाजनक एलपीजी अनुभव प्रदान करेगा। यह लॉन्च भविष्य के लिए तैयार ऊर्जा समाधान उपलब्ध कराने तथा ग्राहक सेवा के नए मानक स्थापित करने की दिशा में इंडियनऑयल की प्रतिबद्धता को और सुदृढ़ करता है।”
इंडियनऑयल के निदेशक (विपणन) सौमित्र पी. श्रीवास्तव ने कहा,
“आज के उपभोक्ता तेज, सुविधाजनक और निर्बाध सेवाओं की अपेक्षा रखते हैं। इंडेन एक्स्ट्रालाइट नाउ नवाचार और तेज एवं विश्वसनीय डिलीवरी का ऐसा संयोजन है, जो ग्राहक-केंद्रित दृष्टिकोण को दर्शाता है। यह घरेलू एलपीजी सेवाओं के अनुभव को नए स्तर पर ले जाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।”
प्रारंभिक चरण में यह सुविधा पुणे, गुरुग्राम, इंदौर और कोयंबटूर में उपलब्ध होगी। इसके बाद अगस्त 2026 के मध्य तक 25 अन्य शहरों में तथा अक्टूबर 2026 के अंत तक देश के प्रमुख शहरों में इसका विस्तार किया जाएगा।
ग्राहक इंडियनऑयल वन (IndianOil ONE) ऐप और इंडियनऑयल कस्टमर वेबसाइट के माध्यम से नए कनेक्शन के लिए पंजीकरण करा सकेंगे तथा रिफिल बुक कर सकेंगे। शीघ्र ही व्हाट्सएप (7588888824) के माध्यम से बुकिंग की सुविधा भी शुरू की जाएगी। यह नई सेवा इंडियनऑयल के विस्तृत इंडेन वितरक नेटवर्क तथा चुनिंदा इंडियनऑयल रिटेल आउटलेट्स के माध्यम से उपलब्ध होगी, जिससे अधिक से अधिक ग्राहकों तक इसकी पहुंच सुनिश्चित होगी।
इंडेन एक्स्ट्रालाइट नाउ और छोटू सिलेंडर की एक्सप्रेस डिलीवरी सेवा के माध्यम से इंडियनऑयल का लक्ष्य शहरी परिवारों, कामकाजी पेशेवरों, आवासीय परिसरों तथा अधिक सुविधाजनक एवं बेहतर सेवाओं की अपेक्षा रखने वाले ग्राहकों के लिए विशिष्ट एलपीजी समाधान उपलब्ध कराकर अपनी अग्रणी स्थिति को और मजबूत करना है।
भारत की सबसे बड़ी एकीकृत ऊर्जा कंपनी के रूप में इंडियनऑयल नवाचार, डिजिटल तकनीकों और ग्राहक-केंद्रित पहलों के माध्यम से विश्वस्तरीय ऊर्जा समाधान उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। इंडेन एक्स्ट्रालाइट नाउ का शुभारंभ स्मार्ट, सुरक्षित और अधिक सुविधाजनक ऊर्जा समाधान विकसित करने की दिशा में कंपनी की एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है, जो लोगों के जीवन को बेहतर बनाने और देश की प्रगति को ऊर्जा प्रदान करने की उसकी प्रतिबद्धता को पुनः स्थापित करता है।
